कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा
- फोटो : ANI
असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की सियासत में गर्माहट तेज है। चुनावी रण में राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच कांग्रेस की अहम बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा ने राज्य में पार्टी की तैयारी को लेकर जानकारी दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि हमने असम में चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी जो असम के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष हैं, हाल ही में राज्य के दौरे पर आई थीं।
रिपुन बोरा ने कहा कि प्रियंका गांधी ने असम में संगठन के हर स्तर के नेताओं से बातचीत की। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनकी राय जानी। राज्य चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाई गई चार अलग-अलग समितियों के अध्यक्षों को भी बुलाया गया था। सभी के साथ एक-एक कर बैठक हुई, जिसमें राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इतना ही नहीं सभी नेताओं से सुझाव भी मांगे गए।