असम पुलिस ने दावा किया है कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और बांग्लादेश के इस्लामिक आतंकवादी समूह अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) के तार आपस में जुड़े हैं। एबीटी अलकायदा की प्रेरणा पर काम करता है। हाल ही में एबीटी मॉड्यूल के खुलासे के सिलसिले में चल रही एक जांच में असम पुलिस ने इस कड़ी को जोड़ने में सफलता पाई है।
विज्ञापन
असम पुलिस के एडीजीपी स्पेशल प्रांच हिरेन नाथ ने कहा, 15 अप्रैल को बारपेटा जिले में दर्ज हुए मामले में एबीटी के 15 लोग पकड़े थे। इनमें से एक हुसैन ने पूछताछ में कुबूल किया कि वह पीएफआई की बारपेटा जिला इकाई का अध्यक्ष है। वह एबीटी के लिए काम करने से पहले निचले असम में पीएफआई के लिए सक्रिय था।
यही नहीं पीएफआई के कुछ और कार्यकर्ता भी एबीटी के लिए काम कर रहे हैं। ये लोग राज्य में पीएफआई की हर गतिविधि की निगरानी करते हैं। असम पुलिस ने पीएफआई के खिलाफ 16 और सीएफआई के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। 12 मामलों में आरोपपत्र भी दाखिल हो चुके हैं और बाकी में जांच जारी है।