असम और मिजोरम के बीच जारी सीमा विवाद के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा के बीच दिल्ली में अहम बैठक हुई। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि आज हम मिले और असम और मिजोरम के मंत्रियों के बीच हुई बैठक की समीक्षा की और जो बातें हुईं हैं उसको लेकर हमने संतुष्टि प्रकट की है।
उन्होंने कहा कि मैंने (मिजोरम CM) जोरमथांगा से मुलाकात की और दोनों राज्यों के बीच के मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। मेरे द्वारा गठित उच्च स्तरीय मंत्रियों की टीम ने आइजोल का दौरा किया और हम एक क्षेत्रिय कमेटी गठित करने की प्रक्रिया में है जिससे हम बॉर्डर की समस्या को सुलझा सकें।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हम मामले की प्रगति से संतुष्ट हैं। मुद्दे को हल करने के लिए क्षेत्रीय समितियां बनाएंगे। मिजोरम के सीएम जोरमथांगा ने कहा कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि मुद्दे को जल्द से जल्द हल कर लिया जाएगा।
दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद बीते कई वर्षों से लंबित है। इसको लेकर दोनों राज्यों की पुलिस और नागरिकों के बीच हिंसक झड़पें हो चुकी हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में इस मामले में दोनों राज्यों के मंत्रियों का एक दल आइजोल में मिला था। पिछले साल नवंबर में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए दोनों राज्यों के सीएम दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में मिले थे।
पिछले साल जुलाई में दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसमें असम के सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इसके बाद मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए असम और मिजोरम के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बैठकें आयोजित हुई थीं।
पीएम मोदी से मिले सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की उपस्थिति में एक असमिया शब्दकोश 'हेमकोश' का पहला ब्रेल संस्करण प्रधानमंत्री को उपहार के तौर पर दिया गया।