असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। रविवार को आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ के चलते यहां पांच और लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि राज्य के 23 जिलों में बाढ़ के कहर से 25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपनी बाढ़ संबंधी नियमित रिपोर्ट में यह जानकारी दी। प्राधिकरण ने बताया कि बारपेटा तथा कोकराझार जिलों में दो -दो व्यक्तियों की मौत हुई है और मोरीगांव जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई।
राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक कुल 128 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 102 लोगों की मौत बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में और 26 की मौत भूस्खलन के कारण हुई। राज्य के गोलपाड़ा में सबसे ज्यादा 4.7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
प्राधिकरण ने बताया कि राज्य में बचाव कार्य के लिए 101 नौकाएं तैनात की गई हैं। बीते 24 घंटे में जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने 188 लोगों को बचाया है। शनिवार तक 27 जिलों के 26.37 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे।