इससे पहले, हिमंत और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया था कि सीएम नवीन पटनायक को उनके करीबियों ने कैद कर रखा है।ओडिशा की भाजपा ईकाई ने राज्य के डीजीपी और मुख्य सचिव से अपील की कि वे सीएम पटनायक को कैद से छुड़ाएं।
देश भर में जहां लोकसभा चुनाव हो रहे हैं, वहीं ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे है। ओडिशा के मुख्यमंत्री के करीबी और पूर्व आईएएस अधिकारी वीके पांडियन के खिलाफ भाजपा अधिकतर आक्रमक रहती है। इस बीच भाजपा नेता और असम के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए पांडियन पर पर निशाना साधा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को असम सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने एक वीडियो साझा किया। वीडियो में ओडिशा सीएम एक सभा को संबोधित कर रहे हैं। सीएम पटनायक के बगल में पांडियन भी खड़े हैं। वीडियो में सीएम का हाथ काफी कांप रहा है, जिसे पांडियन संभाल रहे हैं। इसी पर हिमंत ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो बहुत परेशान करने वाला है। पांडियन सीएम पटनायक के हाथों को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं यह सोच कर ही कांप उठता हूं कि तमिलनाडु का एक पूर्व नौकरशाह किस तरह से ओडिशा के भविष्य पर नियंत्रण कर रहा है। भाजपा राज्य के लोगों को ओडिशा की बागडोर वापस देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऐसा है पांडियन का करियर
मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी होने के कारण पांडियन राज्य में काफी ताकतवर हो गए थे, जिस वजह से वे अक्सर विवादों से घिर जाते थे। विपक्ष का आरोप है कि वह राजनीतिक लाभ के लिए अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।