अगले साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियांम शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में इन चुनावों से पहले सोमवार को असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने त्रिपुरा का दौरा किया। यहां एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए असम के सीएम ने बड़ा दावा किया। सीएम हिमंत ने कहा कि अगर दुनियाभर की सभी राजनैतिक पार्टियां त्रिपुरा आ जाएं तो भी यहां भाजपा को जीतने से कोई नहीं रोक सकता।
बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक भी हैं। अगरतला में असम के मुख्यमंत्री सरमा ने रवींद्र सतबर्शिकी भवन में भाजपा के बूथ विजय अभियान में कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव की तैयारियों को लेकर मूलमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत तय है। यहां भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। भले की भाजपा के खिलाफ पूरी दुनिया की राजनैतिक पार्टियां ही क्यों ना आ जाएं। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा राज्य की 60 सीटों में से 55 पर जीत दर्ज करेगी।
इससे पहले सोमवार सुबह राजधानी अगरतला में एमबीबी हवाई अड्डे पर त्रिपुरा के सीएम डॉ माणिक साहा ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनपर फूलों की बारिश की गई। गौरतलब है कि असम के सीएम की ये त्रिपुरा यात्रा का राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। उनके इस दौरे को 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा द्वारा अपने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस एक दिवसीय दौरे के दौरान असम के सीएम त्रिपुरेश्वरी मंदिर और शांति काली आश्रम भी जा सकते हैं।