तहव्वुर राणा को भारत लाए जाने पर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने सरकार की तारीफ की है। सरमा ने बताया कि जब मुंबई पर हमला हुआ, उस वक्त वे भी मुंबई में ही थे और ताज होटल में ठहरने वाले थे, लेकिन....पढ़िए पूरी खबर
मुंबई हमले के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने खुशी जाहिर की है और केंद्र सरकार के प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण से साफ हो गया है कि अगर केंद्र में निर्णय लेने वाली सरकार हो तो आतंकी भारत पर हमला करने से पहले दो बार सोचेंगे। असम सीएम ने ये भी बताया कि जब मुंबई हमला हुआ, उस वक्त वे मुंबई में ही मौजूद थे और उन्होंने एनएसजी के ऑपरेशन को अपनी आंखों से देखा था।
विज्ञापन
असम सीएम ने तहव्वुर राणा के भारत आने पर दी ये प्रतिक्रिया
असम सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि '26 नवंबर की रात मैं भी मुंबई में था और ताज होटल में ही ठहरने वाला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मैं कार्यक्रम में बदलाव के चलते मैं अंतिम समय में दूसरे होटल में ठहरने चला गया। उस रात का खौफ मुझे आज भी याद है। मैंने एनएसजी का ऑपरेशन देखा था और उस वक्त मेरे दिमाग में ये बात आई थी कि एक दिन इस हमले के साजिशकर्ताओं को कर्मों का फल मिलेगा।' सरमा ने लिखा कि '16 साल बाद तहव्वुर राणा को भारत की धरती पर वापस आते देखकर न सिर्फ समापन का अहसास हो रहा है बल्कि इससे नया विश्वास भी आया है। शीर्ष पर अगर निर्णायक नेतृत्व हो तो भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले हमला करने से पहले दो बार सोचेंगे।'
तहव्वुर राणा पर डेविड हेडली की मदद करने का आरोप
तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया है। गुरुवार को एनआईए की एक टीम तहव्वुर राणा को लेकर नई दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पहुंची। अदालत में पेश करने के बाद तहव्वुर राणा को एनआईए की हिरासत में भेज दिया गया है, जहां एनआईए की टीम राणा से मुंबई हमले के संबंध में पूछताछ करेगी। तहव्वुर राणा पर मुंबई हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है। तहव्वुर राणा ने ही हमले से पहले मुंबई की रेकी करने वाले डेविड हेडली की मदद की थी और उसे भारत का वीजा दिलवाने में भी मदद की थी।