देश के कई राज्यों में बुधवार को सियासी उठापटक चलती रही। सबसे पहले बात करते हैं अम की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में कल यानी 9 जून को दोपहर करीब 3 बजे भाजपा के दो विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, कांग्रेस ने कल 9 जून को AICC महासचिवों और PCC अध्यक्षों की बैठक बुलाई है।
इसके बाद महाराष्ट्र से भी बड़ी आई। यहां कांग्रेस ने चंद्रकांत हंडोरे और भाई जगताप को विधायकों द्वारा चुने जाने वाले विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए उम्मीदवार बनाया। वहीं, शिवसेना भी विधान परिषद के लिए उम्मीदवारों को एलान किया। महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवसेना ने विधान परिषद के लिए सचिन अहीर और अमाशा पाडवी के नाम दिए हैं।
गुजराती दंपत्ति की हत्या पर ममता का बयान
कोलकाता के भवानीपुर में एक गुजराती दंपत्ति की हत्या पर पश्चिम बंगाल CM ममता बनर्जी ने भवानीपुर में कहा कि जांच चल रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी, जब तक जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती तब तक कुछ भी कहना उचित नहीं है। हम चाहते हैं कि इस इलाके में शांति थी और शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि
बाहर से आने वाले लोग अशांति फैलाने की कोशिश करेंगे तो ये नहीं होगा। हम एक साथ रहते हैं, यहां जितने भी समुदाय के लोग हैं सब मिल कर रहते हैं।
कोलकाता में मुलायम-लालू पर बरसे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोलकाता में राष्ट्रीय पुस्तकालय में भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 20 साल पहले कोई नहीं सोचता था कि लालू प्रसाद यादव का राज बिहार से जाएगा। लेकिन वहां राजद को खत्म करके भाजपा आई है और पूरी ताकत से आई है। कोई नहीं सोचता था कि मुलायम सिंह यादव का राज जाएगा। आज उन्हें भाजपा ने साफ कर दिया है। हर जगह भाजपा की सरकार बन रही है। आने वाले समय में हम तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और बहुत ज़ल्द पश्चिम बंगाल में भी अपनी सरकार बनाएंगे।
राज्य सभा चुनाव से पहले देशमुख और मलिक की जमानत पर टिकीं निगाहें
मुंबई की एक स्थानीय अदालत यदि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और मंत्री नवाब मलिक को 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में मतदान की अनुमति देती है, तो उन्हें मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिये निर्धारित समय पर यहां राज्य विधानमंडल के परिसर विधान भवन लाया जाएगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। इसके अलावा कुछ दिन पहले कोविड-19 की चपेट में आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस यदि संक्रमित रहे तो वह मतदान प्रक्रिया के अंत में मतदान करेंगे।
भाजपा ने उम्मीदवारों की घोषणा की
भाजपा ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को पांच उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी, लेकिन पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे का नाम सूची में नहीं है। इससे पहले, इस बात की अटकलें लगाई जा रही थीं कि पार्टी 20 जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे को उम्मीदवार बना सकती है। पंकजा 2019 विधानसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता एवं अपने चचेरे भाई धनंजय मुंडे से हार गई थीं।
इनको दिया भाजपा ने टिकट
भाजपा की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का असर दिखाई दे रहा है। पार्टी ने श्रीकांत भारतीय को उम्मीदवार बनाया है, जो फडणवीस के मुख्यमंत्री पद पर काबिज होने के दौरान उनके ओएसडी थे। इसके अलावा भाजपा की राज्य महिला शाखा प्रमुख उमा गिरीष खापरे को उम्मीदवार बनाया गया है। विधान परिषद की 10 सीट के लिए 20 जून को चुनाव होना है। भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उसने अपने उम्मीदवारों के रूप में भारतीय और खापरे के अलावा प्रवीण दारेकर (वर्तमान में विधान परिषद में विपक्ष के नेता), राम शंकर शिंदे (पूर्व मंत्री) और प्रसाद लाड को चुना है।