बीते कई दिनों से असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल में जंग जारी है। दोनों ट्विटर पर पोस्ट कर-कर के एक दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। अब सोमवार को सरमा ने केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वे सिर्फ दूसरे राज्यों का मजाक उड़ाना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश में क्षेत्रीय असमानता को समाप्त करने के लिए भी एक अनोखा सुझाव दिया है। उन्होंने देश में पांच राष्ट्रीय राजधानियों को बनाने का प्रस्ताव रखा है।
असम दिल्ली से 50 गुना बड़ा है : सरमा
इसके जवाब में सरमा ने ट्वीट किया, 'डियर केजरीवाल जी, आपकी अज्ञानता पीड़ादायक है। मैं आपको बताता हूं। असम दिल्ली से 50 गुना बड़ा है। हमारे 44,521 सरकारी स्कूलों में 65 लाख बच्चे पढ़ते हैं। जबकि दिल्ली में 1000 से कुछ ज्यादा स्कूल हैं। हमारे पास दो लाख शिक्षकों की समर्पित सेना है। 1.18 लाख मिड डे मील वर्कर हैं। हमारी चुनौतियों को आप देखेंगे तो प्रवचन देना भूल जाएंगे। असम बाढ़, आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना करते हैं। हमारे पास दिल्ली जैसे संसाधन नहीं हैं। जब आप असम आओगे तो मैं आपको मेडिकल कॉलेज ले जाऊंगा, ये आपके मोहल्ला क्लिनिक से बेहतर हैं। मैं आपको हमारे होनहार विद्यार्थियों और शिक्षकों से भी मिलवाऊंगा।
रविवार को लगाया था आरोप
असम के मुख्यमंत्री ने रविवार को आरोप लगाया था कि दिल्ली के उनके समकक्ष दिल्ली को लंदन या पेरिस में बदलने के अपने वादे को पूरा करने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की तुलना असम और पूर्वोत्तर के छोटे शहरों से कर रहे हैं।