आतंकी संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत की मुखिया आसिया अंद्राबी की सह-आरोपी नसरीन ने अपनी आवाज के नमूने देने से इनकार कर दिया है। दरअसल, एनआईए ने अंद्राबी और उसकी सहयोगी के खिलाफ मामले की जांच के लिए नमूने लेने के लिए कोर्ट में आवेदन किया था।
पटियाला हाउस अदालत के विशेष न्यायाधीश राकेश स्याल के समक्ष नसरीन के वकील ने कहा कि एनआईए की मांग कानूनन सही नहीं है। सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने कोर्ट को बताया कि उसके पास कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग हैं और उसे नसरीन की आवाज से मिलाने की जरूरत है।
अदालत ने दिसंबर 2018 में एनआईए को निर्देश दिया था कि अंद्राबी और उसकी सहयोगियों को आरोपपत्र तथा अन्य दस्तावेज मुहैया कराए जाएं। एनआईए ने ये दस्तावेज उन्हें सौंप दिए हैं। गौरतलब है कि अंद्राबी, फहमीदा और नसरीन अभी न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में अब अगली सुनवाई छह मई को होगी।