बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शाहरुख ड्रग्स केस में फंसे अपने बेटे आर्यन खान को लेकर इन दिनों काफी परेशान है। आर्यन ड्रग्स केस में गिरफ्तार हैं और उनकी जमानत अर्जी बार-बार खारिज हो रही है। आर्यन खान को मादक पदार्थ रखने, इससे संबंधित साजिश, इसके सेवन, खरीद और तस्करी करने के आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने तीन अक्तूबर को गिरफ्तार किया था।
आर्यन की गिरफ्तारी और शाहरुख खान की परेशानी के बीच चीन में बनने वाले एक कानून की दुनिया भर में चर्चा हो रही है। चीन जैसा कानून बनाने की तैयारी कर रहा है, उसके मुताबिक बच्चों की गलतियों की सजा अब अभिभावकों को भी मिलेगी। चीन में बनने वाले इस कानून पर चर्चा भारत में इसलिए हो रही है क्योंकि इस समय शाहरुख खान के बेटे ड्रग्स केस में फंसे हुए हैं और बच्चों को नैतिक शिक्षा देने पर सामाजिक बहस चल रही है।
चीन में बन रहे कानून के क्या प्रावधान हैं
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘फैमिली एजुकेशन प्रमोशन लॉ’ में यह प्रावधान किया गया है कि माता-पिता को अपने बच्चों के बुरे व्यवहार के लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा। चीन में बनने वाले कानून में यह प्रावधान किया गया है कि अगर कोई किशोर कानून के खिलाफ काम करता है या नशाखोरी करता है इसकी सजा अभिभावकों को भी मिलेगी। संभावना है कि चीन की संसद इस सप्ताह कानून के मसौदे पर विचार करेगी। नए कानून के मुताबिक माता-पिता की यह जिम्मेदारी होगी कि वे "पार्टी, राष्ट्र, लोगों और समाजवाद से प्यार करना" सिखाएं। साथ ही माता-पिता को बच्चों में "बुजुर्गों का सम्मान करने और युवाओं का ध्यान करने" की भी भावना पैदा करनी होगी।