उपराज्यपाल के मुद्दे पर केंद्र से टकराव के बीच अरविंद केजरीवाल 21 मार्च को पंजाब जा रहे हैं जहां वे किसानों के एक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि किसान महासम्मेलन के जरिए आम आदमी पार्टी पंजाब के किसानों के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। इस मंच से अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार की नीतियों पर भी हमला कर सकते हैं, जो उनके और भाजपा के बीच टकराव का अहम कारण बना हुआ है।
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी किसान आंदोलन की शुरुआत से ही किसानों के साथ खड़े हैं। जब भाजपा की सरकारें किसानों की राह में कीलें ठोंकने, उन पर पानी की बौछारें करने का काम कर रही थीं, तब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों का स्वागत कर रहे थे। दिल्ली सरकार किसानों के साथ खड़ी थी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के प्रति अपनी उसी प्रतिबद्धता के साथ डटी हुई है और वह भी केंद्र सरकार द्वारा पास किए गए काले कानूनों के खिलाफ है।
आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक संवेदनशील इंसान हैं और उन्होंने किसानों के दुखदर्द को हमेशा अपना समझा है। दिल्ली के किसानों की तकलीफ दूर करने के लिए वे स्वयं उठकर आगे जाते हैं और उनकी तकलीफें दूर करते हैं। इस मंच से भी वे किसानों को यही भरोसा दिलाना चाहेंगे कि वे पूरी ताकत के साथ किसानों के साथ खड़े हैं।