अरुणाचल प्रदेश के नामसाई जिले में कथित बाल तस्करी नेटवर्क की जांच में पुलिस ने अब तक कुल 51 लोगों को बरामद किया है। इनमें 47 बच्चे और चार वयस्क शामिल हैं। मामले में पुलिस ने पांचवें कथित सहयोगी एमा लोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लोई नामसाई के काबा गांव का रहने वाला है। मामले में 17 अगस्त को नामसाई थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
नामसाई के एसपी सेंग थिनले ने अमर उजाला को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर शिक्षा और परवरिश का भरोसा देकर बच्चों को उनके परिवारों से अलग किया गया। बाद में कई बच्चों को कथित तौर पर घरेलू काम या होटलों में काम करने के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई।
19 बच्चों से शुरू हुई कार्रवाई, अब 47 तक पहुंची संख्या
नामसाई के एसपी सेंग थिनले ने अमर उजाला को बताया कि कार्रवाई के शुरुआती चरण में 19 बच्चे बरामद किए गए थे। जांच का दायरा बढ़ने पर बरामद लोगों की संख्या 38 हुई, जिनमें 34 बच्चे और चार वयस्क थे। अब पुलिस ने 13 और बच्चों को बरामद किया है, जिससे कुल संख्या 51 हो गई है। इनमें 47 बच्चे और चार वयस्क हैं। बरामद बच्चों की उम्र तीन से 19 वर्ष के बीच है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में प्रति बच्चे 10 हजार से 50 हजार रुपये तक के लेनदेन का पता चला है।
पुलिस माता-पिता, बिचौलियों और कथित लाभार्थियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने मेचुका, आलो, पासीघाट, नाहरलागुन, ईटानगर और लोंगडिंग समेत कई स्थानों से बच्चों को बरामद किया है। जांच असम समेत अन्य राज्यों तक पहुंची है। बच्चों के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए गए हैं। एसपी सेंग थिनले ने कहा कि पुलिस गिरोह की जड़ तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की पूरी कोशिश कर रही है।
बरामदगी का पूरा आंकड़ा
- शुरुआत में : 19 बच्चे
- अगला चरण : 38 लोग- 34 बच्चे, 4 वयस्क
- अब तक : 51 लोग (47 बच्चे, 4 वयस्क)
- पांचवां कथित सहयोगी गिरफ्तार
- प्रति बच्चे 10-50 हजार रुपये के लेनदेन की जांच
- बच्चों की उम्र : 3 से 19 वर्ष