Free Electricity Scheme: महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को वर्धा जिले में कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने एलान किया कि राज्य के 80 फीसदी किसानों को अगले साल दिसंबर तक मुफ्त बिजली मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार ने मुख्यमंत्री सौर कृषि योजना शुरू की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि दिसंबर 2026 तक राज्य के करीब 80 फीसदी किसानों को मुफ्त बिजली मिलेगी। वर्धा जिले के अरवी में एक सभा को संबोधित करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों को दिन में 12 घंटे बिजली देने का वादा किया है और मुख्यमंत्री सौर कृषि योजना शुरू की है, जिसके तहत 16000 मेगावाट बिजली पैदा करने का काम चल रहा है।
सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध- फडणवीस
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि दिसंबर 2026 के अंत तक महाराष्ट्र के करीब 80 फीसदी किसानों को मुफ्त बिजली मिलेगी। हम 365 दिनों तक दिन में 12 घंटे बिजली देंगे। इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।' वहीं वर्धा जिले के दौरे के दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कई विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। सीएम ने इस दौरान ये भी दावा किया कि- राज्य की महायुति सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है।