रिपब्लिक भारत के एडिटर इन चीफ अर्णब गोस्वामी के व्हाट्सअप चैट को लेकर कांग्रेस पार्टी के तेवर काफी तल्ख हैं। मंगलवार को पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चैट से बाहर आई जानकारी को राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ और अपराधिक कृत्य तक करार दे दिया था। बुधवार को कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कई पूर्व मंत्रियों की पूरी फौज उतार दी।
कांग्रेस पार्टी ने व्हाट्सअप चैट मामले की गंभीरता से जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। गुलाम नबी आजाद, एके एंटनी, पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, सलमान खुर्शीद समेत सभी ने इसे ओएसओ (ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट) और पद एवं गोपनीयता कानून का सरासर उल्लंघन बताया।
पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने मांग की है कि इस मामले की जांच की जानी चाहिए और राष्ट्र की एकता, अखंड़ता से जुड़ी हुई सूचनाओं को लीक करने वाले मंत्री, अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। पूर्व केन्द्रीय मंत्रियों ने कहा कि व्हाट्सएप के माध्यम से सामने आई जानकारी ने केन्द्र की मोदी सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया है।