केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर 850 मेगावाट के जल विद्युत परियोजना के लिए 5281.94 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार के एक बयान के अनुसार, इस उद्देश्य के लिए नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (एनएचपीसी) और जम्मू कश्मीर स्टेट पावर डेवेलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेकेएसपीडीसी) के बीच एक नई संयुक्त उद्यम कंपनी (जेवीसी) बनाई जाएगी। इनकी क्रमश: 51 प्रतिशत और 49 प्रतिशत की अंशधारिता होगी।
इसमें कहा गया है कि भारत सरकार इस नए संयुक्त उद्यम में जेकेएसपीडीसी की अंशधारिता के योगदान के वास्ते केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को 776.44 करोड़ रुपये के अनुदान के जरिए सहयोग कर रही है।
एनएचपीसी अपने आंतरिक संसाधनों के जरिए 808.14 करोड़ रुपये की इक्विटी निवेश करेगी। बयान के अनुसार, रातले पनबिजली परियोजना 60 महीने में सेवा प्रदान करना शुरू कर देगी।