इटली के रक्षा मंत्री लॉरेंजे ग्वेरिनी के साथ जनरल एमएम नरवणे
- फोटो : twitter.com/adgpi
थलसेना प्रमुख दो देशों ब्रिटेन और इटली की यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को इटली की दो दिवसीय यात्रा पर रोम पहुंचे। अधिकारियों ने इटली के रक्षा मंत्री से उनकी मुलाकात के बारे में कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
इसके साथ ही उन्होंने अपने समकक्ष लेफ्टिलेंट जनरल जनरल पिएट्रो सेरिनो से भी मुलाकात की। थलसेना ने ट्वीट किया, 'थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने इटली के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पिएट्रो सेरिनो से मुलाकात कर संयुक्त सैन्य सहयोग से संबंधित पहलुओं पर चर्चा की।'
जनरल नरवणे इटली के प्रसिद्ध कैसिनो शहर में भारतीय सेना के एक स्मारक का उद्घाटन करेंगे । यह स्मारक उन भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाया गया है जिन्होंने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अपनी जान गंवा दी थी।
पिछले साल नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन इतालवी प्रधानमंत्री जी कोंटे के बीच हुए डिजिटल शिखर सम्मेलन में रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के तौर-तरीकों पर प्रमुखता से विचार किया गया था।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग व प्रौद्योगिकी सहयोग के माध्यम से रक्षा संबंधों को और विस्तारित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया था।