भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने एकबार फिर पाकिस्तान को आगाह किया है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम में सेना प्रमुख ने कहा कि अगर भारत के साथ मिलकर रहना है तो उसे पहले धर्मनिरपेक्ष देश बनना होगा।
जरनल रावत ने कहा, 'पाकिस्तान ने खुद को इस्लामिक देश बना लिया है। अगर उन्हें भारत के साथ मिलकर रहना है तो उन्हें खुद को धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के तौर पर विकसित करना होगा। रावत ने कहा कि हम एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र हैं। यदि वे हमारी तरह धर्मनिरपेक्ष बनते हैं तभी हम उनमें संभावनाएं देख सकते हैं।
साथ ही रावत ने पिछले दिनों पाक प्रधानमंत्री द्वारा लगातार दिए जा रहे भाषणों की ओर इशारा करतो हुए कहा, 'वे (पाकिस्तान) कह रहे हैं कि आप एक कदम बढ़ाइए, हम दो कदम बढ़ाएंगे। लेकिन उनके यह कहने और करने में भारी विरोधाभास नजर आता है। उनकी तरफ से उठने वाला एक कदम भी सकारात्मक तरीके से उठाया जाता हुआ अगर हम दिखेगा तब हम जरूर उनके साथ बात आगे करेंगे लेकिन यह सब तभी हो सकता है जब जमीनी रूप से हम उसका असर होता हुआ देखेंगे।
तब तक मैं कह देना चाहता हूं कि हमारा देश इस बात को साफतौर पर कहता रहा है कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते हैं। '