कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लैटर बम भेजा है। ऐसे मौके पर जब प्रधानमंत्री सैनिकों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं राहुल ने सैनिकों के प्रति सहानुभूति और उनके मुद्दे उठा प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। राहुल के बधाई पत्र में सेना के अधिकारियों व सैनिकों से जुड़े मुद्दों के पटाखे दागे हैं।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राहुल ने उन्हें दिवाली की बधाई के साथ नए साल में लोगों के सुख शांति और खुशहाली की कामना की है। राहुल ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा है मुझे अफसोस है कि पिछले हफ्तों में सरकार की ओर से उठाए गए कदमों ने सैनिकों का मनोबल बढ़ाने की बजाय उन्हें ठेस पहुंचाई है।
हमारे सैनिक देश के लिए जान की बाजी लगा देते हैं उनके और उनके परिवारजनों की देखरेख करना देश का कर्तव्य है। राहुल ने कहा कि हमारा कर्तव्य है जिन जाबाजों ने देश पर सब कुर्बान किया उन्हें हम 125 करोड़ लोगों के आभार और प्यार का अहसास दिलाएं।