कृषि निर्यात निकाय- APEDA (एपीडा) ने कहा कि भारत ने समुद्र के रास्ते पहली बार अनार की वाणिज्यिक खेप अमेरिका भेजी है। अनार की पहली व्यावसायिक परीक्षण खेप को हरी झंडी दिखाई गई। एपीडा ने एक बयान में कहा कि 4,200 बक्से (12.6 टन) वाला शिपमेंट 28 फरवरी को भेजी गई। एमएसएएमबी, वाशी (नवी मुंबई) से आईएनआई फार्म्स ने आईएफसी सुविधा के तहत अनार की खेप अमेरिका भेजी। आईएनआई फार्म्स महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में किसानों के साथ सीधे काम कर रही है। इसने अनार के लिए एक मूल्य श्रृंखला भी स्थापित की है।
शुक्रवार को जारी बयान में एपीडा ने कहा कि अमेरिका भेजी गई फलों की खेप महाराष्ट्र के सांगोला के अनारनेट पंजीकृत किसानों से खरीदी गई है। गौरतलब है कि किसानों को मिलने वाला प्रीमियम अन्य निर्यात बाजारों की तुलना में 20 प्रतिशत और घरेलू बाजार की तुलना में 35 प्रतिशत था। भारत दुनिया में अनार के सबसे बड़े उत्पादकों में से एक है।
हाल के वर्षों में अनार का उत्पादन 20-25 प्रतिशत की अच्छी दर से बढ़ रहा है। भारत में, प्रमुख अनार उत्पादक राज्य महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान और आंध्र प्रदेश हैं, जिसमें महाराष्ट्र का योगदान 50 प्रतिशत से अधिक है।
अनार के निर्यात की सुविधा की प्रदान
एपीडा ने 2022-23 में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बांग्लादेश, नेपाल, नीदरलैंड, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, बहरीन और ओमान को 58.36 मिलियन अमेरिकी डॉलर के अनार निर्यात की सुविधा प्रदान की है।
यह अनार निर्यात के लिए आपूर्ति श्रृंखला की बाधाओं को सुधारने और अनार के लिए निर्यात संवर्धन मंच (ईपीएफ) की स्थापना पर भी सक्रिय रूप से काम कर रहा है। समुद्री खेप के लिए एपीडा द्वारा की गई पहल से गुणवत्ता आश्वासन के संबंध में भारतीय निर्यातकों और विदेशी आयातकों के बीच विश्वास पैदा होगा।