भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ राजनयिक अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार को विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के तौर पर अपना प्रभार संभाल लिया है। उनसे पहले यह जिम्मेदारी रवीश कुमार के पास थी। 1999 बैच के अधिकारी श्रीवास्तव इससे पहले इथियोपिया में भारत के राजदूत के तौर पर पदस्थ थे।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'भारत के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के तौर पर प्रभार संभालकर सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं इस नई भूमिका में अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सभी के साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं।'
इथियोपिया में भारत के राजदूत के रूप में नियुक्ति से पहले श्रीवास्तव विदेश मंत्रालय में वित्त विभाग का कामकाज देख रहे थे। वह जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के स्थायी मिशन में काम कर चुके हैं जहां वह मानवाधिकारों, शरणार्थियों के मुद्दों और व्यापार नीति से संबंधित कार्यभार संभालते थे।
श्रीवास्तव मंत्रालय में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान संभाग में भी सेवाएं दे चुके हैं। श्रीवास्तव के पास इंजीनियरिंग और व्यापार प्रबंधन की डिग्री है। आईएफएस बनने से पहले वह कॉरपोरेट क्षेत्र में कुछ समय के लिए काम कर चुके हैं। उनके पास प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनयिक अध्ययन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी है।
वहीं रवीश कुमार को अगस्त 2017 में विदेश मंत्रालय का प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। मंत्रालय के प्रवक्ता बनने से पहले वह फ्रैंकफर्ट, जर्मनी में भारत के महावाणिज्यदूत की जिम्मेदारी निभा चुके थे। उससे पहले वह सितंबर 2010 से अगस्त 2013 तक जकार्ता में मिशन के उप-प्रमुख थे।