दिल्ली एयरपोर्ट से एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट संख्या AI-111 को सोमवार को बिजनेस क्लास की सीटों पर चीटियां नजर आने के कारण रद्द करना पड़ा।
विमान के उड़ान भरने के ऐन वक्त पर यात्रियों की नजर चीटियों पर पड़ी तो खलबली मच गई। एयर इंडिया ने तत्काल इस विमान का टेक-ऑफ निरस्त किया। इसके बाद दूसरे विमान से यात्रियों को रवाना किया गया। इस विमान में भूटान के युवराज भी सवार थे।
एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन उड़ान को सोमवार दोपहर दो बजे आईजीआई हवाईअड्डे से रवाना होना था, उसी वक्त विमान की बिजनेस क्लास सीटों पर यात्रियों को चींटियों के झुंड नजर आए। इसके बाद यह उड़ान तीन घंटे से अधिक समय तक लेट हो गई। अधिकारियों ने बताया कि एआई-111 उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे से दोपहर दो बजे के निर्धारित समय के बजाय शाम करीब पांच बजकर 20 मिनट पर रवाना हुई।
सूत्रों के मुताबिक, विमान के लंदन के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले बिजनेस क्लास के एक हिस्से में चींटियां पाई गईं। इस कारण यात्रियों को दूसरे बोइंग 787-8 में बैठाया गया। इस मामले पर बयान के लिए समाचार एजेंसी पीटीआई ने एयर इंडिया से संपर्क किया, लेकिन विमानन कंपनी का कोई जवाब नहीं मिला।
पहले विमान में चमगादड़ उड़ता दिखा था
ऐसी ही घटना गत 27 मई को एयर इंडिया की अमेरिका के नेवार्क की उड़ान के दौरान हुई थी। दिल्ली से उड़ान भरने के बाद चालक दल को विमान के अंदर एक चमगादड़ को उड़ता दिखाई दिया। इसके बाद पायलटों ने तत्काल एटीसी से संपर्क कर इस बारे में सूचित किया। इस पर विमान को पुन: एयरपोर्ट पर लाया गया। विमान से सभी यात्रियों को उतारने के बाद विमान में दवा का छिड़काव किया गया। इससे चमगादड़ की मौत हो गई।