भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी नेता अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर सवाल खड़े किए। वहीं, राज्य भाजपा के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि मैं खुश हूं कि देशमुख ने पद छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में कई 'सनसनीखेज खुलासे' होंगे।
फडणवीस ने कहा कि देशमुख के इस्तीफे की उम्मीद थी और उनके पास कोई और विकल्प नहीं था। उन्हें पहले दिन ही नैतिकता याद करनी चाहिए थी जब आरोप लगाए गए थे। फडणवीस ने कहा, ‘मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं? उनकी चुप्पी बेचैन करने वाली है।’
इस बीच चंद्रकांत पाटिल ने पुणे में कहा कि जिन लोगों ने गलती की है उन्हें दंडित किया जाना चाहिए अन्यथा लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा। पाटिल ने कहा, 'सीबीआई की 15 दिनों की प्रारंभिक जांच में कई चीजें बाहर आएंगी। अनिल देशमुख द्वारा सचिन वाजे से 100 करोड़ रुपये की उगाही करने की मांग से जुड़ी सच्चाई बाहर आएगी।'