तमिलनाडु में चेन्नई के पास वंडालूर में स्थित अरिगनर अन्ना जूलॉजिकल पार्क में कोरोना से एक और शेर की मौत हो गई। 12 वर्षीय एशियाई शेर की मौत की पुष्टि करते हुए एएजेडपी के उपनिदेशक ने कहा कि पथबनाथन नाम के शेर को पार्क के सफारी क्षेत्र में रखा गया था।
इससे पहले उपनिदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (एनआईएचएसएडी), भोपाल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस शेर के नमूनों में कोरोना (सार्स-कोविड-2) का संक्रमण मिला था। 3 जून से ही शेर का इलाज किया जा रहा था।
चेन्नई में शेरनी की मौत, रांची चिड़ियाघर में बाघ ‘शिवा’ की बुखार से गई जान
तमिलनाडु में पहली बार राजधानी चेन्नई के पास स्थित एक चिड़ियाघर में कोरोना वायरस संक्रमण से एक शेरनी की मौत हो गयी जबकि नौ अन्य जानवर संक्रमित पाए गए थे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह पहली बार है जब तमिलनाडु में कोई शेर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए।
वंडालूर में अरिगनार अन्ना प्राणि उद्यान के अधिकारियों ने बताया कि नौ साल की ‘नीला’ नामक शेरनी की कोविड-19 के कारण बृहस्पतिवार को मौत हो गई जबकि वहां मौजूद 11 में से नौ शेर-शेरनी संक्रमित पाए गए थे। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के मद्देनजर 602 हेक्टेयर में फैला चिड़ियाघर भी बंद पड़ा है।
अरिगनार अन्ना प्राणि उद्यान की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक शेरों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने का पता 26 मई को उस समय चला जब सफारी क्षेत्र में पांच शेरों में थकावट के साथ भूख नहीं लगने और खांसी होने जैसे लक्षण देखे गए।
तमिलनाडु पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा विशेषज्ञों की एक टीम को अरिगनार अन्ना प्राणि उद्यान के पशु चिकित्सकों के साथ जांच करने और शेरों के इलाज में सहयोग करने के लिए नियुक्त किया गया है। संक्रमित पाए गए सभी शेरों को विशेषज्ञों की एक टीम की निगरानी में रखा गया है। प्राणि उद्यान द्वारा सभी प्रकार के एहितयात बरते जा रहे हैं।