तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई।
- फोटो : ANI
तमिलनाडु की पूर्वी इरोड सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी पार्टियों के बीच खींचतान जारी है। इस सीट पर चुनाव से पहले DMK और AIADMK नेताओं के बीच जुबानी जंग पहले ही शुरू हो गई है। इसी क्रम में डीएमके नेता और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को विपक्षी अन्नाद्रमुक पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं के बीच अन्नाद्रमुक की लोकप्रियता कम हो रही है। उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक के उम्मीदवारों को जनता भगा रही है। वहीं, दूसरी ओर राज्य भाजपा अध्यक्ष के अन्नमलाई ने अन्नाद्रमुक उम्मीदवार थेनारासु के लिए प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने सत्तापक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए।
अन्नामलाई ने किया अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के एस थेनारासू के लिए प्रचार
वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने उपचुनाव से पहले इरोड-पूर्व विधानसभा सीट पर अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के एस थेनारासू के लिए प्रचार किया। प्रचार के दौरान इरोड पूर्व विधानसभा क्षेत्र में तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने सत्तापक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि डीएमके ने अपने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में वोटिंग DMK सरकार के खिलाफ होगी। अन्नामलाई ने आरोप लगाया कि डीएमके सरकार कानून-व्यवस्था सहित अपनी सभी जिम्मेदारियों में फेल साबित हुई है।
साड़ियां-कुकर मुफ्त में बांटकर भी नहीं मिलेगी जीत
तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि हमें भरोसा है कि एनडीए उम्मीदवार केएस थेनारासु भारी अंतर से जीतेंगे। डीएमके राज्य के लोगों को हल्के में नहीं ले सकती। इस दौरान उन्होंने सत्तापक्ष पर वोटरों को लुभाने के लिए फ्री में चीजें बांटने का आरोप लगाया। भाजपा प्रमुख ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों की निगरानी में मुफ्त प्रेशर कुकर, रेशमी साड़ियों का वितरण हो रहा है। बीजेपी ने इसे ईसीआई के समक्ष उठाया है। अन्नाद्रमुक इस मुद्दे पर कोर्ट जा चुकी है। डीएमके को लगता है कि वह मुफ्त में चीजें बांटकर जीत सकती है, लेकिन ऐसा नहीं होगा।
तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने किया प्रचार
इरोड (पूर्व) उपचुनाव से पहले डीएमके नेता और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को DMK समर्थित सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस के उम्मीदवार वीकेएस एलंगोवन के लिए प्रचार किया। इस दौरान उधयनिधि ने कहा कि एआईएडीएमके मतदाताओं के बीच लोकप्रियता खो रही है। एआईएडीएमके उम्मीदवार वोट मांगने के लिए जहां भी जा रहे हैं, वहां मतदाता उन्हें भगा रहे हैं।
इस दौरान मंत्री उदयनिधि ने आरोप लगाया कि एआईएडीएमके उम्मीदवार के एस थेनारासु जब क्षेत्र के विधायक थे तब उन्होंने इलाके के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए लोग उनसे नाराज हैं।
पलानीस्वामी पर भी साधा निशाना
इस दौरान उदयनिधि ने विपक्ष के नेता के पलानीस्वामी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में अन्नाद्रमुक की बुरी तरह हार होगी। उदयनिधि ने प्रचार के दौरान 2021 में सत्ता में आने के बाद से डीएमके सरकार द्वारा तमिलनाडु में किए गए विकास कार्यों के बारे में भी बताया। इरोड निर्वाचन क्षेत्र के विकास के बारे में उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष द्वारा शुरू की गई लगभग सभी योजनाएं समय पर पूरी हुईं।