आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के फैसलों के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसद नंदीगम सुरेश और पूर्व विधायक अमांची कृष्ण मोहन सहित 49 लोगों को कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। इस मामले को कोर्ट के संज्ञान में लाने वाले आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के वकील लक्ष्मी नारायण ने फोन पर मामले में हुई कार्रवाई की पुष्टि की।
नारायण ने मंगलवार को बताया कि वाईएसआरसीपी के सांसद नंदीगम सुरेश और पूर्व विधायक अमांची कृष्ण मोहन सहित 49 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन नेताओं ने कथित तौर पर कुछ मामलों में हाई कोर्ट के फैसलों के खिलाफ टिप्पणी की थी। नारायण ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर न्यायपालिका और न्यायाधीशों के खिलाफ प्रतिकूल टिप्पणी करने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं।
वाईएसआरसीपी की अगुवाई वाली आंध्र प्रदेश सरकार कई मुद्दों पर राज्य के हाई कोर्ट में परेशानियों का सामना कर रही है। हाई कोर्ट ने पिछले महीने सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम शुरू करने के राज्य सरकार के आदेश को रद्द कर दिया था।