आंध्र प्रदेश के वित्त मंत्री यनमाला रामकृष्णुडू द्वारा पीएम मोदी की तुलना 'एनाकोंडा' से किए जाने पर विवाद छिड़ गया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि ये एक प्रतियोगिता चल रही है कि मोदी जी को कौन अधिक से अधिक अपशब्द बोल सकता है।
उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी मोदी जी को निशाना बनाया गया है, वो और भी मजबूत हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार पर हमला करने के लिए आपके पास कोई समस्या नहीं बचती है तो आप इसी तरह के बयान देते हैं।
बता दें कि आंध्र प्रदेश के वित्त मंत्री यनमाला रामकृष्णुडू ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने पीएम मोदी की तुलना 'एनाकोंडा' से की थी। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा था कि नरेंद्र मोदी से बड़ा एनाकोंडा कौन हो सकता है? वह ऐसे एनाकोंडा हैं, जिन्होंने सभी संस्थानों को निगल लिया है।
टीडीपी नेता ने कहा था कि वह (पीएम मोदी) सीबीआई, आरबीआई और इनके जैसी अन्य दूसरी संस्थाओं को निगल रहे हैं। वह रक्षक कैसे हो सकते हैं?
उन्होंने यह भी कहा है, 'हर टॉम, डिक ऐंड हैरी पुरानी राजनीति के बारे में बात कर रहे हैं। भूत वर्तमान या भविष्य नहीं हो सकता है, लेकिन वर्तमान और भविष्य एक दिन भूत बन जाएंगे। टीडीपी के आलोचना करने वालों को यह समझना चाहिए। टीडीपी का गठन किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं हुआ था, बल्कि यह सिस्टम के खिलाफ बनी थी।'
टीडीपी नेता यनमाला रामकृष्णुडू ने आगे कहा है कि मौजूदा हालात में देश, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को बचाने की जिम्मेदारी हर किसी की है। उन्होंने विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस और जन सेना पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सत्ता के लालची हैं, उनमें कोई राष्ट्रीय जिम्मेदारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि ये दोनों दल नरेंद्र मोदी का समर्थन कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय संस्थानों और लोकतंत्र को बर्बाद कर रहे हैं।
भाजपा ने किया पलटवार
वहीं, टीडीपी नेता के इस बयान पर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कन्ना लक्ष्मीनारायण ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू 'भ्रष्टाचार के राजा' हैं और किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके भ्रष्टाचारों का अब खुलासा होगा।
उन्होंने आगे कहा कि जिस व्यक्ति ने 2017 में एनडीए की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर कहा था कि मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनना चाहिए, वह अब उन्हें ही दोषी के तौर पर पेश कर रहा है।