101 साल की महिला ने कोरोना को दी मात
- फोटो : ANI
देश में कोरोना वायरस सबसे ज्यादा बुजुर्गों को प्रभावित कर रहा है। वहीं आंध्रप्रदेश के तिरुपति में 101 साल की महिला ने कोरोना को मात दी है। उन्हें शनिवार को राज्य के कोविड-19 अस्पताल श्री पद्मावती वूमेंस हॉस्पिटल, श्री वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसिज (एसवीआईएस) से छुट्टी दे दी गई है।
यह आंध्र प्रदेश में 100 से ऊपर उम्र के किसी मरीज के ठीक होने का पहला मामला है। उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों ने उनकी इच्छाशक्ति को ठीक होने के लिए जिम्मेदार ठहराया। तिरुपति शहर की रहने वाली इस 101 साल की मरीज का नाम पी मंगम्मा है। वे कुछ हफ्ते पहले कोरोना की चपेट में पाई गई थीं। जिसके बाद उन्हें एसवीआईएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यह भी पढ़ें- कोरोना: अब दिल्ली मॉडल को देश में लागू करने की तैयारी, कल होगी बैठक
एसवीआईएस अधीक्षक डॉ. आर राम ने कहा कि मंगम्मा को अस्पताल में विशेष देखभाल दी गई। डॉ. राम ने कहा, 'इससे उन्हें ठीक होने में मदद मिली है।' उन्होंने मंगम्मा को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उनके पैर छुए। डॉ. राम ने कहा, 'जब उनका इलाज किया जा रहा था तो उन्होंने अपनी इच्छाशक्ति नहीं खोई। वह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई जीतने में दूसरों के लिए एक उदाहरण हैं।'
महिला के रिश्तेदारों ने एसवीआईएमएस के निदेशक और कुलपति डॉ. वी वेंगम्मा और कर्मचारियों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया।