इंडिगो का एक विमान को गुजरात के अहमदाबाद में लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, जब लैंडिंग या टकऑफ के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा जाता है, तो उसे टेल स्ट्राइक कहा जाता है। हाल ही में कोलकाता से दिल्ली आई एक अन्य उड़ान के साथ भी ऐसा हुआ था।
बताया जा रहा है कि फ्लाइट 6E6595 बेंगलुरु से अहमदाबाद आ रही थी। इस दौरान यह घटना हुई। राहत की बात रही कि विमान को सुरक्षित रूप से उतर लिया गया। विमान को फिलहाल ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया है और उसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। इंडिगो ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
मामले से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय ने दुर्घटनाग्रस्त विमान के पायलटों को फिलहाल उड़ान से दूर रहने के आदेश दिए गए हैं। टेल स्ट्राइक की सूचना मिलते ही डीजीसीए ने पायलटों की रोस्टरिंग बंद करने का आदेश दिया है। डीजीसीए ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
इससे पहले 11 जून को कोलकाता से दिल्ली आ रहे विमान के साथ भी ऐसा हुआ था। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान इंडिगो एयरबस A321 विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया था। घटना के बाद डीजीसीए ने इंडिगो को फ्लाइट के कॉकपिट क्रू को उड़ानों से दूर रहने का आदेश दिया था।