आईसेरा को भी केंद्र कर मदद- पृथ्वीराज चव्हाण
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक पृथ्वीराज चव्हाण ने हाल ही में आईसेरा बॉयोलॉजिकल कंपनी का दौरा किया। उन्होंने अमर उजाला को बताया कि सिराला मेरा पुराना संसदीय क्षेत्र है। कंपनी का ट्वीट देखा तो कंपनी में गया। आईसेरा कंपनी क्यूरेटिव मेडिसिन बनाने में लगी है। लेकिन उसका अभी मानवीय परीक्षण होना है। उम्मीद है कि भारत सरकार की ओर से जल्द ही इसकी अनुमति मिल जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देहात में लड़के अच्छा काम कर रहे हैं। उन्हें मदद करनी चाहिए। दवा के ह्यूमन ट्रायल में दो-तीन महीने लगेंगे। अगर, आर्थिक सहयोग की जरूरत होगी तो उसमें भी सहयोग करेंगे। केंद्र सरकार ने सीरम को 11 करोड़ और भारत बॉयोटेक को 35 करोड़ दिए हैं। उसी तरह इस कंपनी को भी 10 करोड़ देना चाहिए।
घोड़ों के खून में बनी एंटीबॉडीज से बनेगी कोरोना की दवा
आईसेरा कंपनी के पास 350 घोड़े (टट्टू) हैं। इनमें कोविड का वायरस दिया जाता है। एक महीने के बाद उसमें एंटीबॉडीज तैयार होती हैं। उसके बाद उस घोड़े का खून निकालकर उसमें से एंटीबॉडीज को अलग किया जाता है और बाकी रक्त को घोड़े में फिर से चढ़ा दिया जाता है। चव्हाण ने कहा कि यह तकनीक सौ साल पुरानी है। आईसेरा कंपनी ने इसका पशुओं पर सफल परीक्षण किया है। मानवीय परीक्षण की सफलता देश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
क्लीनिकल ट्रॉयल के लिए स्थानीय सासंद ने लिखा पीएम को पत्र
सांगली का शिराला क्षेत्र हातकलंगणे संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। यहां के शिवसेना सांसद धैर्यशील माने ने आईसेरा कंपनी की तरफ से कोविड-19 के उपचार के लिए प्रभावी दवा बनाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी सफलता है। जो कोविड-19 के मरीजों का हर तरह से इलाज कर सकता है। माने ने बताया कि कोरोना मरीजों पर प्रभावी तीन लाख इंजेक्शन बनकर तैयार हैं। इसके मानवीय परीक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखा है।