मोदी सरकार ने हाल ही में सहकारिता मंत्रालय बनाया है। गृह मंत्री अमित शाह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे लेकर गुजरात की प्रसिद्ध सहकारी दूध कंपनी अमूल ने रोचक ऐड बनाया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस ऐड को शेयर किया है।
देश के अनेक प्रमुख अखबारों में अमूल का यह ऐड शनिवार को प्रकाशित हुआ। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरदबल से एक दिन पहले मोदी सरकार ने 'मिनिस्ट्री ऑफ को-ऑपरेशन' (सहकारिता मंत्रालय) का गठन किया था। इसका प्रभार गृह मंत्री अमित शाह को सौंपा गया है।
'सहकार से समृद्धि' के मंत्र को साकार करने के लिए मोदी सरकार ने नया मंत्रालय बनाया है। इसकी घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में की थी। नया मंत्रालय देश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए अलग प्रशासनिक, कानूनी और नीतिगत ढांचा मुहैया कराएगा। यह सहकारी समितियों को जमीनी स्तर तक पहुंचने में मदद करेगा। इसके जरिये सहकारी समितियां लोगों से गहराई से जुड़ सकेंगी।
यह मंत्रालय सहकारी समितियों के लिए 'व्यापार सुगमता' यानी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की प्रक्रियाओं को आसान बनाएगा। साथ ही बहुराज्यीय सहकारी संस्थाओं के विकास का काम करेगा। इसके जरिए डेयरी फार्मिंग, खेती, बैंकिंग, चीनी मिल का आदि उपक्रम किए जा सकते हैं। अमूल इसका बड़ा उदाहरण है।
अमूल के विज्ञापन में यह कहा गया है
अमूल के विज्ञापन में अमित शाह को किसान और 'अमूल गर्ल' के साथ दिखाया गया है। साथ ही लिखा है 'आपके मुंह में घी शक्कर! साथी हाथ बढ़ाना।' केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इसे साझा करते हुए लिखा, 'सहकार से होगा साकार, विकसित देश, आत्मनिर्भर समाज।'