भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 1 जुलाई को उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जाएंगे जहां वो गोरक्ष प्रांत के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन को लेकर एक ओर जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय प्रभारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है वहीं दूसरी ओर यहां भी इलाहाबाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की तरह पोस्टर वार शुरू हो चुका है।
आलम ये है कि आगामी 2017 विधानसभा चुनावों के लिए टिकट के दावेदारों ने पूरे शहर को पोस्टर से रंग दिया है। इतना ही नहीं शहर में जिनते भी स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य विभूतियों की मूर्तियां लगी हैं उन्हें भी इस कदर पोस्टर से ढक दिया है कि कोई चाह कर भी प्रत्याशी के पोस्टर के अलावा मूर्ति को नहीं देख सकता।
इस संबंध में नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता ने अमर उजाला को बताया कि शाह के आने से कार्यकर्ताओं में जोश है और वो कोई कमी नहीं रखना चाह रहे हैं।