लौहपुरुष सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर 'राष्ट्रीय एकता दिवस' समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज केवड़िया पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले सरदार पटेल की प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने अपना संबोधन दिया। अमित शाह ने कहा कि आज सरदार पटेल की जन्म जयंती है। मैं पूरे देश में करोड़ों देशवासियों को बताना चाहता हूं कि सदियों में कोई एक सरदार बन पाता है, वो एक सरदार सदियों तक अलख जगाता है।
सरदार पटेल की दी हुई प्रेरणा ने देश को अक्षुण्ण रखने का कार्य किया
अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल की दी हुई प्रेरणा ने ही आज देश को एक और अक्षुण्ण रखने का कार्य किया है। आज उनकी प्रेरणा देश को आगे ले जाने में, हमें एकजुट रखने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि केवड़िया किसी जगह का नाम नहीं है, ये तीर्थ स्थान बन गया है। राष्ट्र की एकता का तीर्थ स्थान, देश भक्ति का तीर्थ स्थल और आज ये आसमान को छूने वाली स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पूरी दुनिया को संदेश दे रही है कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है।
सरदार पटेल ने आजाद भारत की प्रशासनिक नींव रखीं
अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें बताता है कि कैसे एक व्यक्ति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, लौह नेतृत्व और अदम्य राष्ट्रप्रेम से देश के भीतर की सभी विविधताओं को एकता में बदल कर एक अखंड राष्ट्र का स्वरूप दे सकता है। सरदार पटेल ने देश के एकीकरण के साथ आजाद भारत की प्रशासनिक नींव रखने का भी काम किया।
सरदार पटेल किसी भी बात को बेबाक तरीके से रखने में जरा भी झिझकते नहीं थें
अमित शाह ने कहा कि कवि हरिवंश राय बच्चन ने सरदार साहब के लिए एक कविता लिखी थी- पटेल देश का निगहबान हैं, पटेल देश की निडर जुबान है। किसी भी बात को बेबाक तरीके से रखने में जरा भी झिझकते नहीं थें, इसलिए आज जब भारत माता अखंड स्वरूप देख रहे हैं वो केवल और केवल सरदार जी के कर्म का ही नतीजा है।
अमित शाह ने की परेड की अध्यक्षता
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने परेड की अध्यक्षता की जिसमें अर्धसैनिक और गुजरात पुलिस के जवानों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कार्यक्रम में प्रदर्शन करने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ के 75 साइकिल चालकों और त्रिपुरा, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, गुजरात के पुलिस बलों के 101 मोटरसाइकिल सवारों ने भी हिस्सा लिया।
इन हस्तियों को भी मिला आमंत्रण
इस कार्यक्रम में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के अलावा जल, थल, वायुसेना के अधिकारी, ओलंपिक, एशियन व विविध खेलों में मेडल विजेता खिलाड़ी व पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी शिरकत कर रहे हैं।