भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कैराना में लगातार पलायन हो रहा है। हमने जब इस मामले को उठाया तो सूबे के मुख्यमंत्री ने भी कहा कि यह लॉ एंड ऑर्डर के कारण हुआ है। अब मुख्यमंत्री ही बताएं कि यूपी का लॉ एंड आर्डर क्या ओबामा को संभालना है। इसलिए भाजपा इस मामले को हल्के में नहीं लेगी। बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा समेत कांग्रेस और बसपा को निशाने पर रखा। साथ ही मिशन-2017 के लिए एक-एक बूथ जीतने का आह्वान किया। उन्होंने साफ कहा कि सपा को हराने का काम बसपा के बस की बात नहीं, यह काम भाजपा करेगी।
अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बागपत रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पश्चिमी क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित किया। मथुरा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन विकास के लिए होती है लेकिन यूपी में सरकार ही जमीन हड़पने पर तुल गई है।
सपा के एक मंत्री की शह पर रामवृक्ष नाम का व्यक्ति पैदा हुआ। मथुरा कांड से यूपी का नाम दुनिया में गंदा हुआ है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस यूपी सरकार ने घोटालों की झड़ी लगा दी है। खनन और जननी सुरक्षा घोटाले जैसे तमाम ऐसे घोटाले हैं, जो बता रहे हैं कि सरकार के मंत्री क्या कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने यूपी को एक लाख करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट दिए हैं, लेकिन आम जनता तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचाया जा रहा है।
मुख्तार, आजम जैसे लोगों से भरी सपा
शाह ने कहा कि यूपी में साढ़े तीन मुख्यमंत्री हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां कैसी सरकार होगी। जब भी प्रदेश में सपा सरकार आती है तो जनता को पता चल जाता है कि गुंडों की सरकार आ चुकी है। उन्होंने मुख्तार अंसारी की पार्टी के सपा में विलय को नूरा कुश्ती बताते हुए कहा कि 2012 में भी सपा ने ऐसा ही किया था। शाह ने यहां तक कह दिया कि सपा अतीक, अफजाल, मुख्तार और आजम जैसों से भरी पड़ी है। सपा इन सबको निकालने पर आएगी तो पूरी पार्टी ही खाली हो जाएगी।
हमने बोलने वाला पीएम, बेदाग सरकार दी
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी सरकार के दो साल पूरे होने पर राहुल गांधी विदेश चले गए, क्याेंकि वहां ठंड होती है। लेकिन, जाते-जाते पूछ गए कि हमने क्या किया है। हमने उन्हें जवाब दिया, पहले तो हमने बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है, क्याेंकि 10 साल में सोनिया और राहुल ने मनमोहन सिंह की आवाज सुनी हो तो बात अलग है, लेकिन हमने तो नहीं सुनी। दूसरे हमने ऐसी सरकार दी है, जिस पर दो साल में एक भी दाग नहीं है।