अमेरिका महिला हॉकी टीम रांची पहुंच गई है। अमेरिकी टीम एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर से पहले गुरुवार को रांची पहुंची। अमेरिकी टीम के स्वागत में पारंपरिक नृत्य आयोजित किया गया। पारंपरिक नृत्य देख अमेरिकी खिलाड़ी खुद को रोक नहीं पाए और वे भी धुन पर थिरकने लगे।
प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रमुख घटनाओं को प्रदर्शित करने वाली मोदी गैलरी 16 जनवरी के आसपास लोगों के लिए खोला जा सकता है। प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नेृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि गैलरी का काम लगभग पूरा हो गया है। पर्यटक 16-17 जनवरी से आना शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा, अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से, आगंतुकों को इस गैलरी में एक दुर्लभ अनुभव मिलेगा।
स्कूल नौकरी घोटाले मामले में ईडी ने भद्र की आवाज का लिया नमूना
प्रवर्तन निदेशालाय के एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में स्कूल नौकरी घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक सुजय कृष्ण भद्र की आवाज का एक नमूना लिया गया है। कालीघाट के चाचा नाम से मशहूर भद्र सत्तारूढ़ टीएमसी नेताओं के करीबी हैं। अधिकारी ने बताया कि अगर आवाज का नमूना, छापेमारी और तलाशी में पाए गए सबूतों से मेल खाते हैं तो मामला आसान हो जाएगा।
आज नया संसद भवन देखेंगी स्थानीय निकायों के लिए निर्वाचित 500 महिलाएं
शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए हाल ही में निर्वाचित 500 महिलाएं शुक्रवार को नया संसद भवन देखेंगी। राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि ये महिला प्रतिनिधि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कुछ अन्य नेताओं से भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पहली बार इस तरह का आयोजन किया जा रहा है।
सोनिया के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने पर सही समय पर बताएंगे
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने या नहीं होने के फैसले के बारे में सही समय पर जानकारी देगी। खरगे और सोनिया के समारोह में शामिल होने संबंधी एक सवाल पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मुद्दे से भटकाने की कोशिश न करें। यह प्रेस वार्ता भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर है। इस विषय पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई। आपने निमंत्रण के बारे में पूछा, मैंने बार-बार कहा है, मैं एक बार फिर कहूंगा कि खरगे और सोनिया गांधी को निमंत्रण मिला है। सही समय पर मैं आपको उनका फैसला बताऊंगा। समारोह में शामिल होने के लिए खरगे और सोनिया के अलावा लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीररंजन चौधरी को भी आमंत्रण मिला है।
पीएम के भोज से खुद को अलग करने के बयान का 3200 से अधिक ईसाइयों ने किया समर्थन
तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओब्रायन समेत ईसाई समुदाय के 3200 से अधिक नागरिकों ने 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोपहर के भोज से खुद को अलग करने के एक बयान का समर्थन किया। इन लोगों ने इसकी वजह मणिपुर के हालात, बढ़ते हमले और सत्तारूढ़ सदस्यों की ओर से अपमान को बताया है। बयान के अनुसार, ईसाई समुदाय ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ आजादी के बाद से शैक्षिक, चिकित्सा, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्र समेत जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हालांकि, हाल के दिनों में विशेष रूप से 2014 के बाद से, भारत में ईसाई पूरे देश में सत्तारूढ़ शासन के सदस्यों के लगातार हमलों और अपमान का शिकार हो रहे हैं। ईसाइयों और ईसाई स्कूलों तथा संस्थानों पर हमला किया गया और उन्हें परेशान किया गया। उनके पूजा स्थलों को नष्ट कर दिया गया, उन्हें नागरिक के रूप में उनके सामान्य अधिकारों से वंचित कर दिया गया और अपमान और दानवीकरण का शिकार बनाया गया।
बयान में कहा गया है कि भाजपा शासित राज्यों में लागू किए गए धर्मांतरण विरोधी कानूनों का इस्तेमाल किसी के धर्म का प्रचार करने, अभ्यास करने और प्रचार करने के मौलिक अधिकार के खिलाफ हथियार के रूप में किया जाता है। स्कूलों में उत्सव मनाना बंद कर दिया गया और ईसाइयों को बिना किसी वारंट के गिरफ्तार कर लिया गया तथा बिना किसी अपराध के सलाखों के पीछे डाल दिया गया। बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एमजी. देवसहायम और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जॉन शिल्सी भी शामिल हैं।
सस्ती हो सकती है इंडिगो की उड़ान
इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमतों में कमी के बाद ईंधन शुल्क वसूली बंद करने की घोषणा की है। इससे लंबी दूरी के टिकट 1,000 रुपये तक सस्ते हो सकते हैं। इंडिगो ने कहा, कंपनी 500 किमी की दूरी पर 300, 501 से 1,000 किमी पर 400 रुपये, 1101 से 1,500 किमी पर 550 रुपये, 1,501 से 2,500 किमी पर 650 रुपये, 2,501 से 3,500 किमी पर 800 रुपये और उसके बाद की दूरी पर 1,000 रुपये ईंधन शुल्क लिया जाता है। नवंबर में 78.76 लाख यात्रियों ने इंडिगो से यात्रा की थी।
सीबीएसई की 10वीं 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में फेरबदल
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) की 10वीं-12वीं की बोर्ड डेटशीट की तिथि में मामूली बदलाव किया गया है। सीबीएसई द्वारा जारी रिवाइज्ड डेटशीट के अनुसार 10वीं कक्षा के तिब्बती विषय की परीक्षा अब चार मार्च के बदले 23 फरवरी को आयोजित की जाएगी। वहीं, रिटेल विषय की परीक्षा 16 फरवरी की जगह अब 28 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही 12वीं कक्षा के फैशन स्टडीज का पेपर 21 मार्च को आयोजित किया जाएगा, पहले यह परीक्षा 11 मार्च को होनी थी।
मकानों की बिक्री 10 साल के शीर्ष पर, बिके 4.11 लाख घर
देश के आठ प्रमुख शहरों में 2023 में मकानों की बिक्री 33 फीसदी बढ़कर 10 साल के शीर्ष पर पहुंच गई। इस दौरान 4.11 लाख मकान बिके। इससे पहले 2013 में रिकॉर्ड 4,50,361 मकान बिके थे। 2022 में बिक्री 3,08,942 इकाई रही थी।
प्रॉपटाइगर की बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इन शहरों में पिछले साल नए घरों की आपूर्ति 20 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 5.17 लाख इकाई पर पहुंच गई। 2022 में यह आंकड़ा 4,31,510 इकाई था। मुंबई में मकानों की बिक्री 29 फीसदी बढ़कर 1,41,480 इकाई पहुंच गई। दिल्ली-एनसीआर में बिक्री 11 फीसदी बढ़कर 21,364 इकाई पहुंच गई। पुणे में मकानों की बिक्री 33 फीसदी, अहमदाबाद में 51 फीसदी, बंगलूरू में 44 फीसदी बढ़ गई। पिछले साल चेन्नई में आवासीय संपत्तियों की बिक्री में 5 फीसदी, हैदराबाद में 49 फीसदी और कोलकाता में 16 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
जियो ने जोड़े 31 लाख ग्राहक वोडाफोन के घटे
पैसों की कमी से जूझ रही वोडाफोन आइडिया को तगड़ा झटका लगा है। अक्तूबर में कंपनी के 20.44 लाख ग्राहक घटे हैं। वहीं, जियो ने 31.6 लाख नए ग्राहक जोड़े हैं। पूरे देश में कुल ग्राहकों की संख्या 14 लाख घटकर 104.5 करोड़ रह गई है।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, जियो के ग्राहकों की संख्या 45.23 करोड़ रही है। एयरटेल के ग्राहकों की संख्या 3.52 लाख बढ़कर 37.81 करोड़ रही है। वोडाफोन आइडिया के पास 22.54 करोड़ ग्राहक हैं।
राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद योगी मंत्रिमंडल का विस्तार संभव
आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना है। अरसे से विस्तार की चर्चाओं के बीच बृहस्पतिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर और सपा से भाजपा में आए दारा सिंह चौहान ने गृह मंत्री अमित शाह से एक महीने के अंदर दूसरी मुलाकात की। पार्टी की योजना इस महीने के अंत तक विस्तार सहित दूसरे सभी मुद्दों का हल निकाल कर लोकसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देने की है।
बांग्लादेश बॉर्डर से 1.39 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 84वीं वाहिनी के जवानों ने नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास 1.39 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की है। बीएसएफ ने बृहस्पितवार को बताया कि तस्कर इस मुद्रा को रात के अंधेरे में सीमा पार कराकर भारत से बांग्लादेश में तस्करी का प्रयास कर रहा था। एक खुफिया सूचना पर सुरक्षाबल के दक्षिण बंगाल सीमांत अंतर्गत सीमा चौकी बेताई इलाके में बुधवार देर रात विशेष अभियान चलाकर जवानों ने विदेशी मुद्रा की यह खेप जब्त की।
वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी बने नौसेना के उपप्रमुख
वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को नौसेना के उप प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। इससे पहले उन्होंने पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया था। सैनिक स्कूल रीवा और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के पूर्व छात्र, वाइस एडमिरल त्रिपाठी को एक जुलाई, 1985 को भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था।