गुरुवार को सहारनपुर में दलितों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में बसपा सुप्रीमो मायावती ने राज्यसभा में अपना गुस्सा जाहिर करते हुए राज्यसभा से इस्तीफा दे डाला। मायावती ने केंद्र पर आरोप लगाते हुए कहा था कि जब सत्ता पक्ष मुझे बोलने का मौका ही नहीं दे रहा तो मेरा इस्तीफा देना ही बेहतर है।
इससे पूर्व बसपा सुप्रीमो ने गुरुवार सुबह राज्यसभा में दलित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए उपसभापति कुरियन पर आरोप लगाया था कि उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा मायावती ने राज्यसभा में सहारनपुर हिंसा का मुद्दा उठाते हुए योगी सरकार पर दलितों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया था।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या आपको लगता है राज्यसभा से मायावती का इस्तीफा राजनीतिक स्टंट है?'
पोल के जवाब में हमें कुल 17,132 वोट मिले। इनमें 75.6 फीसदी (12952 वोट) पाठकों ने हां में जवाब दिया, जबकि 22.1 फीसदी (3787 वोट) पाठकों ने माना कि राज्यसभा से मायावती का इस्तीफा राजनीतिक स्टंट नहीं है। वहीं 2.29 फीसदी (393 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।