सवाल: आप सर्वश्रेष्ठ सांसद बनें हैं, यह कैसे हुआ?
रवि किशन: बहुत चुनिंदा सांसदों को यह पुरस्कार मिलता है। मैं संसद में सवाल बहुत पूछता हूं। मैं सबसे ज्यादा प्रश्न पूछने वाला सांसद रहा हूं। मेरे प्राइवेट बिल बहुत होते हैं। भारत और भविष्य को लेकर मेरे बहुत सवाल होते हैं।
सवाल: आप कांग्रेस से भाजपा में क्यों आए?
रवि किशन: हर इंसान जीवन में गलती करता है। मुझसे भी गलती हुई थी वो थी कांग्रेस। कृपाशंकर सिंह मुझे कांग्रेस में लाए थे। यह अब तक किसी को पता नहीं था। भाजपा ने मुझे 2019 में गोरखपुर से मौका दिया। जनता ने जिताया। इसके बाद दोबारा 2024 में जनता ने जिताया।
गोरखपुर अब बदल रहा है। यह राजधानी की तरह विकसित हो रहा है। गोरखपुर पहले अपराध का अड्डा था, अब वहां कानून व्यवस्था बेहद बेहतर है। गोरखपुर में काफी काम हुए हैं। यह फ्लाइंग मशीन का टेकऑफ बन गया है। अब गोरखपुर में सब बेहतर हो रहा है। पूर्वोत्तर में पहले बहुत क्राइम हुआ है। अब सब कुछ खत्म हो गया है।
सवाल: योगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है?
रवि किशन: उत्तर प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि कानून व्यवस्था है। अब उत्तर प्रदेश सुरक्षित है। उत्तर प्रदेश बाहुबली, गुंडों, माफिया से सुरक्षित हुआ है। ये ऐसा है जैसे आजादी मिली हो। आज यह उत्तम प्रदेश बन गया है। बहन-बेटियां सुरक्षित हैं। योगी जी का कानून व्यवस्था पर बहुत फोकस रहता है।
सवाल: लोकसभा चुनाव में भाजपा कैसे पिछड़ गई?
रवि किशन: लोकसभा चुनाव में हम केयरलैस हो गए थे। विपक्ष ने संविधान का गंदा झूठ पिरोया था। उपचुनाव में इनका पर्दाफाश हो गया। 2027 में हम फिर जीतेंगे। योगी जी लगातार काम कर रहे हैं।
सवाल: आप मंत्री क्यों नहीं बने?
रवि किशन: मैं सांसद ही ठीक हूं। मुझे कोई लालच नहीं है। मैं जीवन का खेल जान चुका हूं। मुझे मंत्री नहीं बनना है। मेरा कोई काम प्रधानमंत्री जी मना नहीं करते हैं। जिस दरवाजे खड़ा हो जाता हूं, काम हो जाता है। जनता साथ दे रही है और काम हो रहे हैं। हम सेवा सांसद के तौर पर करना चाहते हैं।
सवाल: गोरखपुर की सारी सीटें भाजपा जीत जाती है। बनारस मंडल की कैसे हार जाती है?
रवि किशन: एक बार हम चूक गए हैं। अगली बार नहीं होगा। विरोधियों को भाजपा से पीड़ा होती है। छोटी सोच वालों को लगता है कि दिल्ली -लखनऊ के बीच जम नहीं रही है। सब अपने मन से सोच रहे हैं। ऐसा कुछ नहीं है।
सवाल: 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में जीतेगी?
रवि किशन: 2027 में उत्तर प्रदेश में 300 से ज्याद सीटें जीतेंगे। धोखा बार-बार नहीं होता है। इसलिए अब आपातकाल को याद दिलाते हैं कि बार-बार जनता से धोखा न हो।
सवाल: अखिलेश भाजपा पर जातिवादी होने का आरोप लगा रहे हैं, आप क्या कहेंगे?
रवि किशन: ये उनका चुनावी शिगूफा है। ये सब ड्रामेबाज हैं। अखिलेश यादव दलित, पिछड़ों के लिए कुछ नहीं करेंगे।
सवाल: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर क्या कहेंगे?
रवि किशन: पाकिस्तान भिखारी है। उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। पहलगाम में आतंकियों ने निर्दोषों को मारा गया। इसके जवाब में हम लड़े। हमने उनको अपनी ताकत बताई। पाकिस्तान कांप गया तो वह ट्रंप के पैरों में गिरा। हमारी ताकत है कि हम पाकिस्तान को स्वाहा कर देंगे। उसको हमारी ताकत का अंदाजा नहीं है। हमारे पास जुनून है। हमारे पास खोने को बहुत कुछ है। इसलिए संघर्ष को रोका गया है।
सवाल: आप राजनेता और अभिनेता के तौर पर महिला सशक्तीकरण को लेकर क्या सोचते हैं? आप हिंदी अच्छी बोलते हैं, जबकि बॉलीवुड में अंग्रेजी पर जोर ज्याादा दिया जाता है।
रवि किशन: मैं तीन बेटियों का पिता हूं। एक बेटी सेना की तैयारी कर रही है। मेरी बेटियां अपना खुद का करियर चुन रही हैं। मैं पत्नी को अपनी शक्ति मानता हूं। हिंदी को लेकर कहूंगा कि मुझे नौ भाषाएं आती हैं। मैं धारा प्रवाह अंग्रेजी बोल सकता हूं। लेकिन मैं भोजपुरी और हिंदी बोलता हूं क्योंकि यह मेरी मातृभाषा है। हर देश में लोग अपनी मातृभाषा बोलते हैं।
मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं सांसद रवि किशन
रवि किशन का जन्म 17 जुलाई 1969 को बॉम्बे, महाराष्ट्र में हुआ था। उनका परिवार उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत से ताल्लुक रखता है। कुछ पारिवारिक कारणों से 10 साल की उम्र में रवि किशन जौनपुर चले आए थे। यहां वे करीब सात साल तक रहे। इसके बाद वे फिर मुंबई आ गए। लोकसभा सांसद और एक राजनेता होने के साथ रवि किशन एक भारतीय अभिनेता, टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की जानीमीनी हस्ती हैं। उन्होंने हिंदी और भोजपुरी सिनेमा समेत दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है। रवि किशन पहली बार 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से सांसद चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने दूसरी बार जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें
Amar Ujala Samwad: अमर उजाला संवाद पहली बार मध्य प्रदेश में, 26 जून को भोपाल में जुटेंगी हस्तियां
MP Samwad 2025: CM मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा 'संवाद'; मध्य प्रदेश के विकास के रोडमैप पर करेंगे चर्चा
Samwad 2025: 'संवाद' में हिस्सा लेंगी अनुप्रिया पटेल; सेहतमंद प्रदेश और विकसित भारत का खाका पेश करेंगी
पहली बार 2019 में सांसद बने रवि किशन
रवि किशन सांसद पहली बार 2019 में बने थे। लेकिन, पहली बार चुनाव उन्होंने 2014 में जौनपुर लोकसभा का लड़ा था। ये चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। ये चुनाव वो हार गए थे। इसी के बाद 2017 में भाजपा का दामन थामने के बाद गोरखपुर महोत्सव और अन्य माध्यमों से अपनी रुचि भाजपा के चुनाव में प्रचार करने की जताई। इधर, बदलते समीकरण पर भाजपा ने 2019 में रवि किशन पर भरोसा जताया और जनता ने उन्हें लोकसभा सांसद बना दिया।