उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 10 जून यानी मंगलवार को हरिद्वार बाइपास स्थित होटल सेफर्ट सरोवर प्रीमियर में 'संवाद' का आयोजन किया जाएगा। संवाद उत्तराखंड में इस बार कई हस्तियां आकर्षण का केंद्र होंगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर खुलकर बात कर सकते हैं। वे आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई, हाल ही दुनिया के अलग-अलग देशों का दौरा कर वापस आए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के फीडबैक पर भी बात करेंगे। इसके अलावा राजनाथ सिंह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के भारत के लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ते कदम पर भी बात करेंगे।
यह भी पढ़ें
Amar Ujala Samwad: सिनेमा, खेल, अध्यात्म का होगा संगम, सुनील शेट्टी, भज्जी और स्वामी कैलाशानंद देंगे गुरुमंत्र
Amar Ujala Samwad: अमर उजाला संवाद में हिस्सा लेंगे हरभजन सिंह, टेस्ट कप्तान और इंग्लैंड सीरीज पर रखेंगे राय
तीन बार से लखनऊ लोकसभा सीट से सांसद
राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के भभुआरा गांव में हुआ था। किसान परिवार में जन्मे राजनाथ सिंह ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की और केबी पोस्ट-ग्रेजुएट कॉलेज मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश में भौतिकी के व्याख्याता के रूप में कार्य किया। राजनाथ सिंह लगातार तीन बार से लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं।
वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं में से एक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देश के सबसे वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं में से एक हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र कार्यकर्ता के रूप में शुरू किया। वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे।
1974 में राजनीति में प्रवेश किया
उन्होंने 1974 में राजनीति में प्रवेश किया और 1977 में वे उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक चुने गए। वह 1988 में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए चुने गए और 1991 में उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री बने। मार्च 1997 में जब राजनाथ सिंह भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष बने तो उन्होंने पार्टी के आधार को बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। अक्तूबर 2000 में वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इससे पहले नवंबर 1999 में वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री बने। 2003 में राजनाथ सिंह केंद्रीय कृषि मंत्री बने। 2014 में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री बने और 2019 में देश के रक्षा मंत्री बनाए गए।
यह भी पढ़ें
Amar Ujala Samwad 2025: 'संवाद' में हिस्सा लेंगे प्रेरक वक्ता गौर गोपाल दास; जीवन शैली को लेकर खोलेंगे राज
Amar Ujala Samwad: 'संवाद' में हिस्सा लेंगे आध्यात्मिक गुरु स्वामी कैलाशानंद गिरी; सफलता का गुरुमंत्र भी देंगे
Samwad 2025: 'संवाद' में शिरकत करेंगे स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा; कोरोना की लहर समेत इन मुद्दों पर करेंगे बात
राष्ट्रीय आपातकाल का विरोध
जब 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने राष्ट्रीय आपातकाल लगाया था, तो राजनाथ सिंह का नाम भी उन तमाम हस्तियों में शामिल था, जिन्होंने इस कदम का कड़ा विरोध किया था। 1975 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और दो साल तक हिरासत में रखा गया।
ये हस्तियां भी होंगी शामिल
संवाद में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मशहूर कमेंटेटर व पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी, परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लखन रावत, नीतू बिष्ट व तान्या मित्तल, मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास, आध्यात्मिक गुरु स्वामी कैलाशानंद गिरी, मिराई एसेट के वाइस चेयरमैन व सीईओ स्वरूप मोहंती, वेंचर कैटलिस्ट डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा शामिल होंगे। शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए देश-विदेश में ख्याति प्राप्त डॉ. अभय बंग भी संवाद में राज्य के परिप्रेक्ष्य में अपने विचार रखेंगे।