यह अभियान अमर उजाला के उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के 14 केंद्रों कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, हल्द्वानी और देहरादून से प्रारंभ होगा।
अमर उजाला के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 1,400 गांवों में ‘जुनून खेल का’ महाभियान सोमवार से प्रारंभ होगा। इस अभियान में 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों को जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों को खेल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में शामिल किया जा सके। यह अभियान अमर उजाला के उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के 14 केंद्रों कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, मुरादाबाद, हल्द्वानी और देहरादून से प्रारंभ होगा।
विज्ञापन
प्रथम चरण : प्रत्येक केंद्र के 100 गांव
प्रथम चरण में प्रत्येक केंद्र के 100 गांव चुने गए हैं और इन्हें 5 जोन में बांटा गया है। इसके अंतर्गत खेल अभिरुचियों का प्रसार किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास होगा।
खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अवसर
गांव से चयनित खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलें और उनके रोजगार का मार्ग भी प्रशस्त हो, यह इस अभियान की मूल भावना है। महाभियान से जुड़े बच्चों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रशिक्षित करेंगे। साथ ही देश के उच्च संस्थानों के पूर्व छात्रों का भी मार्गदर्शन मिलेगा।
विज्ञापन
बच्चों को जोड़ेंगे राष्ट्र की मूल धारा से
प्रारंभिक चरण में जिन 1,400 गांवों को चुना गया है, उनमें बच्चों के साथ ही हजारों परिवार जुड़ चुके हैं। परियोजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल की छिपी प्रतिभाओं को खोजने के साथ ही राष्ट्र की मूल धारा से जोड़ना भी है। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन, ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के साथ कई स्वयंसेवी संस्थाएं जैसे रॉबिनहुड आर्मी, रूरल कनेक्ट जमीनी सहयोग के लिए साथ आईं।