कर्नाटक में शनिवार को मतदान खत्म होने के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजों की मानें तो राज्य में किसी भी पार्टी को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जनता दल (एस) के ‘किंगमेकर’ की भूमिका में आने की संभावना दिख रही है। पांच टीवी चैनलों के सर्वेक्षण में भाजपा को जबकि दो में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की उम्मीद जताई गई है। टाउम्स नाउ ने दो सर्वे किए हैं, इसमें चाणक्य के साथ मिलकर किए सर्वे में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है।
रिपब्लिक टीवी-जन की बात, एबीपी-सी वोटर, टाइम्स नाउ, इंडिया न्यूज और न्यूज नेशन के एग्जिट पोल के अनुसार विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ा दल होगा, जबकि इंडिया टीवी और आज तक-एक्सिस माई इंडिया के अनुसार कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होगी। पूर्ण बहुमत के लिए 112 सीटों की दरकार होगी। आज तक टीवी चैनल के सर्वेक्षण में कांग्रेस और भाजपा को क्रमश: 39 फीसदी और 35 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है जबकि रिपब्लिक टीवी के अनुसार कांग्रेस को 36 फीसदी और भाजपा को 38.25 फीसदी वोट मिलेंगे।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या मतदान के बाद आने वाले एक्जिट पोल पूरी तरह से सही होते हैं?'
पोल के जवाब में हमें कुल 2,327 वोट मिले। इनमें 26.26 फीसदी (611 वोट) पाठकों ने माना कि मतदान के बाद आने वाले एक्जिट पोल सही साबित होते हैं, जबकि 73.74 फीसदी (1,716 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए माना कि मतदान के बाद आने वाले एक्जिट पोल पूरी तरह से सही साबित नहीं होते हैं।