कर्नाटक में मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में तमाम विपक्षी दिग्गजों के जमावड़े के शानदार शो ने भले ही 2019 लोकसभा चुनावों में भाजपा विरोधी मोर्चे का माहौल बनाया हो, लेकिन कांग्रेस के लिए अपने नेतृत्व में क्षेत्रीय दलों को एकजुट करके भाजपा विरोधी मोर्चे का गठन आसान नहीं है। इसमें कई पेंच हैं, जिन्हें आने वाले दिनों में कांग्रेस नेतृत्व को सुलझाना होगा, जो कि गठबंधन राजनीति पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की असली अग्निपरीक्षा होगी।