करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में करण के सपोर्ट में निर्देशक अनुराग कश्यप समर्थन में आ गए और उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साध दिया है। अनुराग ने ट्वीट कर पीएम मोदी की पाकिस्तान यात्रा पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने ट्वीट किया,'पीएम मोदी ने पाकिस्तान यात्रा के लिए माफी क्यों नहीं मांगी है?'
दरअसल, फिल्म में पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान के होने की वजह से इसका विरोध किया जा रहा है। इसी के चलते अनुराग ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कुछ ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, 'दुनिया हमसे सीख ले सकती है। हम हर समस्या का हल फिल्मों पर दोषारोपण कर और इन पर प्रतिबंध लगाकर निकालते हैं। करण जौहर हम आपके साथ हैं।'
इस विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पाठकों की राय जानने के लिए सवाल किया कि क्या पीएम मोदी का पाकिस्तान जाना बड़ी भूल थी? इसमें पाठकों को तीन विकल्प दिए गए पहला हां, पीएम मोदी पाकिस्तान जाना एक बड़ी भूल थी। दूसरा विकल्प था नहीं और वही तीसरा कुछ कह नहीं सकते।
कुल 6,824 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया, जिसमें सबसे अधिक 63.47 फीसद यानी 4,331 पाठकों ने दूसरे विकल्प को चुना। पाठकों का मानना है कि पीएम मोदी का पाकिस्तान जाना कोई बड़ी भूल नहीं है, ब्लकि यह एक सही फैसला था। 34.39 फीसद यानी 2,347 पाठकों ने माना कि पीएम मोदी का फैसला गलत था और 2.14 फीसद यानी 146 पाठकों ने तीसरे विकल्प कुछ कह नहीं सकते को चुना।