उड्डयन मंत्रालय ने हवाई सफर के दौरान बदमिजाज यात्रियों पर लगाम लगाने के लिए 'नो फ्लाई लिस्ट' जारी कर दी। सरकार को यह लिस्ट इसलिए जारी करने पड़ी क्योंकि बीते कुछ समय में हवाई यात्रियों द्वारा अपना रुतबा दिखाने के लिए बदतमीजी से जुड़े कई मामले सामने आए हैं।
इस नए कानून में तीन स्तर पर बदमिजाज यात्रियों पर कार्रवाई की जाएगी। जिसमें हवाई जहाज में किसी कर्मचारी या चालक दल के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार अथवा उपद्रव करने वाले यात्रियों पर नकेल कसने के लिए यह लिस्ट जारी हुई है।
इस साल की शुरुआत में शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ ने सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया के कर्मचारियों के साथ बुरा व्यवहार किया था। उस घटना के बाद सभी विमानन कंपनियों ने गायकवाड़ पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद सांसद ने माफी भी मांगी थी। उसके बाद विमानन कंपनियों ने उनके ऊपर से प्रतिबंध हटा लिया था। इसके बाद ही इस बात पर चर्चा हुई थी कि नो फ्लाई लिस्ट बनाई जाए।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आपको लगता है नए कानून से फ्लाइट में सफर करने वाले अपने बर्ताव में सुधार करेंगे?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 6248 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में 75.51 फीसदी यानि 4718 पाठकों ने माना कि इस कानून से यात्री अपने बर्ताव में सुधार करेंगे। जबकि 19.24 फीसदी यानि 1202 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 5.25 फीसदी यानि 328 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।