दिल्ली में बढ़ते हुए प्रदूषण से हालात बिगड़े हुए हैं और लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए केजरीवाल सरकार ने आपात बैठक बुलाई। सरकार ने इस बैठक में कई फैसले लिए जिसमें सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। अगले पांच दिन तक दिल्ली में सभी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। इतना ही नहीं 10 नवंबर से दिल्ली की सड़कों पर वैक्यूम क्लिनर से होगी सफाई।
साथ ही केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में कूड़ा जलाने के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है। वहीं सरकार ने बच्चों की हेल्थ का ध्यान रखते हुए बैठक में दिल्ली के सभी स्कूलों को तीन दिन के लिए बंद करने का आदेश दिया। दिल्ली में केजरीवाल सरकार की बैठक में किए गए फैसलों पर अमर उजला डॉट कॉम ने अपने पाठकों से सवाल करके उनकी राय जानने की कोशिश की। सवाल था कि प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार के कदम काफी साबित होंगे?
कुल 5,040 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया और सबसे अधिक 69.19 फीसदी यानी 3,487 पाठकों ने माना कि प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार के कदम काफी साबित नहीं होंगे। 25.34 फीसदी यानी 1,277 पाठकों ने माना कि केजरीवाल सरकार के कदम कारगर साबित होंगे। वहीं 5.48 फीसदी यानी 276 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।