डोकलाम में चीन और भारत के बीच जारी गतिरोध की कूटनीतिक लड़ाई में चीन अब पिछड़ने लगा है। डोकलाम की स्थिती को लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया ने भारत का खुलकर सपोर्ट कियाा है। साथ ही जापान ने भी डोकलाम में चीन की मौजूदा स्थिति से छेड़छाड़ की कोशिश को गलत ठहराया है और भारत के पक्ष में समर्थन किया है।
चीन के पड़ोसी देश भी डोकलाम में भारतीय सैनिकों की तैनाती के बाद चीन की हेकड़ी ढीली होने से राहत महसूस कर रहे हैं। खासकर विएतनाम, फिलीपींस समेत कई देश इस पर लगातार निगाह बनाए हैं। हालांकि, रूस ने अपना तटस्थ रवैया बनाए रखा है, लेकिन चीन के ऊपर लगातार डोकलाम में उसकी भूमिका को लेकर वैश्विक दबाव बढ़ता जा रहा है।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'डोकलाम विवाद पर जापान के साथ आने और भारत के रुख का असर चीन पर पड़ेगा?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 11,543 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में सबसे अधिक 86.77 फीसदी यानि 10,016 पाठकों ने माना कि जापान के साथ आने से भारत के रुख का असर चीन पर पड़ेगा। जबकि 10.72 फीसदी यानि 1,237 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 2.51 फीसदी यानि 290 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।