गुजरात चुनाव के नतीजों के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता एम वीरप्पा मोईली ने इस तरफ इशारा किया कि प्रचार के दौरान राहुल गांधी द्वारा बनाई गई बढ़त को मणिशंकर अय्यर और कपिल सिब्बल के विवादित बयानों ने दूर कर दिया।
मोईली ने दावा किया कि 2019 के आम चुनावों में राहुल गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकल्प बनकर उभरे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इसके साथ ही मोदी पर गुजरात के मतदाताओं को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया और कहा कि राजनीतिक दल जुमलों के आधार पर चुनाव नहीं जीत सकते हैं।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या आप भी मानते हैं कि अय्यर और सिब्बल के बयानों की वजह से कांग्रेस को हार मिली है?'
पोल के जवाब में हमें कुल 13,248 वोट मिले। इनमें 64.73 फीसदी (8576 वोट) पाठकों ने माना कि अय्यर और सिब्बल के बयानों की वजह से कांग्रेस को गुजरात चुनाव में हार मिली है, जबकि 31.52 फीसदी (4176 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि अय्यर और सिब्बल के बयानों की वजह से कांग्रेस गुजरात चुनाव नहीं हारी। वहीं 3.74 फीसदी (496 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।