डोकलाम को लेकर चीन और भारत के बीच एकबार फिर विवाद गहराता जा रहा है। चीन इस मुद्दे पर फिर से अपना अड़ियल रवैया दिखाने की फिराक में है इसलिए उसने डोकलाम सीमा पर चीनी सैनिकों को तैनात कर दिया है। चीन ने सीमा से दस किलोमीटर दूर सड़क निर्माण फिर शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि चीन के साथ इस मुद्दे पर दोनों देशों के सैनिक 78 दिनों तक आमने-सामने थे। भारत ने डोकलाम पर चीन के सामने आपत्ति दर्ज की जिसके बाद यह मामला शांत हुआ। मामले के फिर तूल पकड़ने के बाद दोनों देशों की सेनाएं हाई ऑपरेशनल अलर्ट पर हैं।
वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है ऐसे में माना जा रहा है कि जिनपिंग डोकलाम मुद्दे के जरिए एक बार फिर सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रहे हैं।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या डोकलाम के रास्ते शी जिनपिंग दोबारा चीन की सत्ता हासिल करना चाहते हैं?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 7915 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया।
84.35 फीसदी यानि 6676 पाठकों ने माना कि डोकलाम के रास्ते शी जिनपिंग दोबारा चीन की सत्ता हासिल करना चाहते हैं। जबकि 627 पाठकों यानि 7.92 फीसदी पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 612 फीसदी यानि 7.73 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।