टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक सॉफ्ट ड्रिंक की करोड़ों की डील को ठुकरा दिया। इसके पीछे कोहली ने वजह बताई कि वह खुद इसका इस्तेमाल नहीं करते। ऐसे में कोहली के इस निर्णय ने अन्य सेलीब्रेटीज को भी विज्ञापन करते समय एहतियात बरतने पर मजबूर कर दिया है।
बता दें कि कोहली को फिट रहने वाले खिलाड़ियों में गिना जाता है। जिस सॉफ्ट ड्रिंक के विज्ञापन का ऑफर कोहली को मिला था उसका इस्तेमाल वह नहीं करते ऐसे में विज्ञापन को उन्होंने ठुकरा दिया। बता दें कि विराट कोहली पानी भी खास किस्म का पीते हैं। उनका पानी फ्रांस से आता है।
2001 में बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद ने भी इसी तरह की करोड़ की एक डील ठुकरा दी थी। पुलेला ने कहा था कि मैं योग और ध्यान के साथ संतुलित भोजन लेता हूं। सॉफ्ट ड्रिंक्स से परहेज रखता हूं। ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन का खिताब जीतने के बाद ऑफर मिला था। लेकिन सॉफ ड्रिंक्स नहीं पीने की वजह से मैंने ऑफर ठुकरा दिया।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या कोहली की तरह दूसरे सेलीब्रेटीज को भी विज्ञापन करते समय एहतियात बरतनी चाहिए?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 6942 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 91.92 फीसदी यानि 6381 पाठकों ने माना कि इससे अन्य सेलीब्रेटीज को भी एहतियात बरतनी चाहिए। जबकि 423 पाठकों यानि 6.09 फीसदी पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 1.99 फीसदी यानि 138 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।