बिहार में महागठबंधन की सांसे फूल रही हैं, लेकिन हालात पहले से बेहतर बताए जा रहे हैं। राजद सुप्रीमो मीरा कुमार के नामांकन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने के बदले रांची चले गए, लेकिन उनके दल के नेता इस बात को लेकर बयान देते रहे कि नीतीश के रुख से सोनिया दुखी है। वैसे जदयू ने महागठबंधन में किसी प्रकार के मतभेद होने की बात से इनकार किया है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा है कि छेनी मारने से भी यह गठबंधन टूटने वाला नहीं है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद तो एक कदम आगे बढ़ते हुए भाजपा में टूट का दावा कर दिया।
इफ्तार के बाद मीडिया से दूर रहे राजद सुप्रीमो बुधवार को पत्रकारों के सामने आए। उन्होंने कहा कि गठबंधन अटूट है और कौन क्या बोल रहा है इसका कोई मतलब नहीं है। जो चाह रहे हैं कि गठबंधन टूट जाए, उनका मंसूबा पूरा नहीं होगा। इधर, तेजस्वी ने कहा है कि बिहार भाजपा टूट के कगार पर है। उनके 7-8 सांसदों की हमेशा ही अलग अलग राय होती है।
तेजस्वी ने कहा कि जीतन राम मांझी ने सही कहा कि बिहार भाजपा में किसी की हैसियत नहीं जो गठबंधन पर मुंह खोले। ये सब फालतू में नमक मिर्च डाल रायता फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी में हिम्मत है तो मांझी की बात का खंडन करें और कहें कि गठबंधन पर बिहार भाजपा निर्णय लेगी और इस पर केंद्र का कोई लेना-देना नहीं है।