कर्नाटक राज्य के मैसूर शहर में महिला शिक्षकों को लेकर अजीब फरमान जारी किया गया है। मैसूर में जारी सरकारी आदेश के मुताबिक महिला शिक्षक न तो मोबाइल लेकर स्कूल-कॉलेज जा सकेंगी, और न ही साड़ी के अलावा कोई अन्य पोशाक पहन सकेंगी। सरकारी सर्कुलर में साफ लिखा है कि महिला शिक्षकों को क्लासरूम में जाने के लिए साड़ी पहननी ही होगी।
मैसूर में मोबाइल फोन को लेकर फरमान पहले से ही जारी किया जा चुका था। इसका पालन भी हो रहा था। पर अब प्रशासन ने एक कदम और उठाते हुए साड़ी पहनकर ही क्लासरूम में घुसने को कह दिया है।
मैसूर के कॉलेजिएट शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक उमानाथ एमके ने बुधवार को ये सर्कुलर जारी किया। जिसके तहत मैसूर जोन में सभी डिग्री कॉलेजों को एक सर्कुलर भेजा, जिसमें क्लास में सेलफोन का इस्तेमाल करने पर रोक लगाने को कहा गया है। साथ ही एक अन्य नोटिस में कहा गया है कि डिग्री कॉलेजों में सभी महिला लेक्चरर्स को साड़ी पहनकर आना है और कक्षाओं में मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना है।
बेंगलुरू मिरर की खबर के मुताबिक शिक्षक इस फरमान से खुश नहीं हैं। मैसूर में एक कॉलेज में महिला शिक्षक ने कहा कि हमें साड़ी में आने के लिए कहना सरकार का काम नहीं है। हम शिक्षक हैं और अपनी सीमाएं जानते हैं। हालांकि कॉलेजिएट शिक्षा के आयुक्त अजय नागभूषण एमएन ने कहा है कि वो सर्कुलर की जांच करेंगे। उनकी तरफ से सिर्फ मोबाइल पर ऐसा सर्कुलर जारी किया गया है।